Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार और ट्रक की भिड़ंत में एक की मौत,दो गंभीर

रूद्रपुर। गतरात्रि काशीपुर मार्ग पर ग्राम दानपुर के समीप कार व ट्रक के बीच हुई भिड़ंत में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया जबकि दूसरे घायल की भी हालत चिंताजनक बनी हुई है। कार सवार उक्त सभी लोग ग्राम भूरारानी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया जबकि ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम कारचूली खिरकेत रानीखेत निवासी राजेंद्र बिष्ट पुत्र स्वरूप सिंह यहीं के निवासी महिपाल सिंह पुत्र स्व- शेर सिंह व गोविंद सिंह पुत्र स्व- भीम सिंह कार संख्या यूके-06जीध्8244 में सवार होकर ग्राम भूरारानी में एक विवाह समारोह में शामिल होने आये थे। रात्रि में जब वह समारोह से कार में सवार होकर वापस लौटे तो ग्राम दानपुर के समीप सामने से जाते ट्रक से कार की पीछे से जोरदार भिड़ंत हो गयी। इस दुर्घटना में कार चालक महिपाल सिंह व राजेंद्र बिष्ट सहित गोविंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के पश्चात आसपास खड़े कई लोग वहां आ गये। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी भी आ पहुंचे। सभी घायलों को उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने गोविंद सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि महिपाल की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार कर एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया जबकि राजेंद्र बिष्ट को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया। मृतक गोविंद बेरीपड़ाव मोटाहल्दू स्थित गैस प्लांट में काम करता था। उसके तीन पुत्री व दो पुत्र हैं। जबकि घायल महिपाल आर्मी से है। वहीं राजेंद्र भवाली के एक होटल में काम करता है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रपट दर्ज नहीं की गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *