February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री ने दिये बस हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश

देहरादून। पौड़ी जिले मे हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 50 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि आधा दर्जन घायल लोगों का उपचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  पीड़ितों का हाल जानने घटनास्थल के लिये रवाना हुए। उनकी हालत अभी नाजुक बनी हुई है। उत्तराखंड के इतिहास में यह सबसे भीषण हादसा बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पौड़ी गढ़वाल के धूमाकोट के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये एवं घायलों को 50-50 हजार रूपये की राशि अविलम्ब उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। घायलों को नजदीकी अस्पतालों रामनगर, हल्द्वानी में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने बस दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दिये है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पौड़ी में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की है। केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ सिंह एवं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने फोन के माध्यम से इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। वहीं भीषण हासदे की खबर से पूरे प्रदेश में कोहराम मच गया है। विभिनन संगठनों के लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिये संवेदना व्यक्त की है। इधर देहरादून में कांग्रेस पदाध्किारियों ने शोक सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह,नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश समेत अनेक नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों व घायलो के परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने जिला प्रशासन स्थानीय प्रशासन, पुलिस व एसडीआरएफ को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिये कि घायलों का हर संभव उपचार सुनिश्चित किया जाय। प्रशासन, पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र, दुर्घटना स्थल के लिये रवाना हो चुके है। रेस्क्यू के लिये दुर्घटना स्थल के लिये भेजे गये हेलीकॉप्टर को मौसम खराब होने की वजह से रामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग कराया गया। घायलों को रामनगर लाकर हेलीकॉप्टर से हायर सेन्टर रेफर किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *