Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर। गत रात्रि मोहल्ला आजाद नगर ट्रांजिट कैंप में एक महिला संदिग्ध रूप से घर में फांसी पर लटकी पायी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली और महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम चथैरा थाना निगोही शाहजहापुर निवासी जगदीश की पुत्री गिरीशा का विवाह दस वर्ष पूर्व ग्राम मुशरफ पुर थाना बिरासत गंज बरेली निवासी सतेेंद्र सिंह से हुआ था। दोनों वर्तमान में आजादनगर ट्रांजिट कैंप में किरायेदार के रूप में रहते है। सतेंद्र सिडकुल की फैक्ट्री में काम करता है। बताया जाता है कि सतेंद्र रात्रि करीब नौ बजे ड्यूटी से घर वापिस लौटा और पत्नी को खाता बनाने के लिये कहा। जब गिरीशा ने बताया कि सिलेंडर खत्म हो गया है तो सतेंद्र अपने ससुर जगदीश के साथ घर से छोटा सिलेंडर लेकर भरवाने के लिये चलाया गया। उनकी गैर मौजूदगी में घर में सतेंद्र की पत्नी गिरीशा, दो पुत्रियां तीन वर्षीय दिव्यांशी, पांच वर्षीय दिव्या व दो वर्षीय पुत्र दिव्यांशु तथा सतेंद्र की बहन गिरीजा मौजूद थे। कमरे से छोटे बच्चे की काफी देर तक रोने की आवाज आने पर जब परिजनों ने उठकर देखा तो गिरीशा को फांसी पर लटका पाया। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत सतेंद्र को दी। इसी दौरान सतेंद्र व जगदीश भी सिलेंडर लेकर घर वापिस लौट आये। परिजनों ने गिरीशा को फांसी से उतारा। जानकारी मिलने पर थाना पुलिसकर्मी मौके पर आ पहुंचे और आवश्यक जानकारी लेने के बाद गिरीशा को उपचार के लिये जिला चिकित्साल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। प्रातः पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिये भेजा। गिरीशा की मौत के बारे में परिजन कुछ भी बताने से इनकार कर रहे है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जायेगी। मौत के कारणों का खुलासा पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *