Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अनियंत्रित कार की टक्कर से विद्युत पोल धराशायी

रुद्रपुर। गतरात्रि अटरिया मार्ग पर तीव्र गति से जाती अनियंत्रित कार की टक्कर से मार्ग किनारे लगा उच्च शक्ति विद्युत लाइन का पोल धराशायी हो गया। इसी दौरान पीछे की ओर से तीव्र गति से आ रही एक अन्य कार भी उक्त कार से जा भिड़ी। इस घटना में दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गयीं। हालांकि दोनों ही कार चालकों को चोटें नहीं आयीं लेकिन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गयी। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने विद्युत तारों को गिरे पोल से हटाने का काम शुरू किया। अधिकारियों ने इस दुर्घटना में विभाग को भारी क्षति होना बताया है। जानकारी के अनुसार गतरात्रि करीब 11बजे शक्ति विहार कालोनी द्वार से तीव्र गति से कार संख्या यूके-06एएस/ 5161 अटरिया मार्ग की ओर मुड़ी। अभी कार कुछ ही दूर बढ़ी थी कि सामने से आते बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार तेजी से मार्ग किनारे लगे विद्युत पोल से जा भिड़ी। घटना के कुछ ही पल पश्चात पीछे की ओर से तीव्र गति से आती एक अन्य कार संख्या यूके- 06टीए/3855 भी उक्त कार से जा भिड़ी। इस दुर्घटना में विद्युत पोल धराशायी हो गया और तेज धमाकों के साथ तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गयी। घटना की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने सम्पूर्ण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति रोक दी। प्रातः विभागीय कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त पोल एवं तारों को मुख्य मार्ग से हटाया। अधिकारियो का कहना है कि इस दुर्घटना में विभाग को भारी क्षति हुई है जिसका आंकलन किया जा रहा है। दोनों कारें एक ही स्वामी की बतायी जा रही हैं जो शक्ति विहार कालोनी निवासी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *