हल्द्वानी-उधमसिंह नगर में विकास परियोजनाओं का सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया निरीक्षण
हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया
हल्द्वानी/उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाओं, आकर्षक स्वरूप और सुनियोजित विकास से जोड़ने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी एवं उधमसिंह नगर जिले में प्रस्तावित और निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी तथा कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना है। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर के प्रमुख चौराहों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ उत्तराखण्ड की संस्कृति और नारी शक्ति की थीम को प्रदर्शित किया जाएगा।सचिव ने रामलीला ग्राउंड के समीप स्थित डी.के. पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भी जायजा लिया। पार्क में आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण स्थापित किए जाने प्रस्तावित हैं। वहीं नरीमन क्षेत्र से लगभग 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण एवं हरितीकरण का कार्य भी प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के लिए इसी माह टेंडर आमंत्रित किए जाने की योजना है।निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सचिव को प्रस्तावित स्थल एवं उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। सचिव ने सभी परियोजनाओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद उधमसिंह नगर के रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण करते हुए सचिव ने पूर्व में दिए गए सुझावों एवं संशोधनों को शामिल कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
किच्छा में 12.48 करोड़ की लागत से बना अत्याधुनिक बस अड्डा
ग्राम खुर्पिया फार्म, किच्छा में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक बस अड्डे का भी निरीक्षण किया गया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बस अड्डे को 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखण्ड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
सितारगंज में पार्किंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग कार्य शामिल हैं। सचिव ने अवशेष फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण उधमसिंह नगर श्री जय किशन, सचिव श्री पंकज कुमार उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता सिंचाई विभाग श्री पी.के. दीक्षित, परियोजना प्रबंधक उत्तराखण्ड पेयजल निर्माण निगम श्री नरेन्द्र नवानी, सहायक अभियंता जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण श्री कैलाश डुंगवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान संयुक्त सचिव श्री ए.पी. वाजपेयी, सहायक अभियंता श्री अभिषेक, अवर अभियंता श्री समीर अहमद, श्री प्रदीप सिंह, श्री रोहित बिष्ट, श्री प्रदीप अवस्थी, सुश्री टिया डालाकोटी एवं सुश्री प्रेरणा नैनवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
