गंगोलीहाट के खेतीगांव में गुलदार का आतंक, घर के आंगन में खेल रहा था प्रियांशु,शव बरामद
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
पिथौरागढ़- गंगोलीहाट के खेतीगांव में शनिवार शाम गुलदार ने एक 10 वर्षीय बच्चे को अपना निवाला बना लिया। बताया जा रहा है कि बच्चा अपनी दादी के साथ घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक बच्चे पर हमला किया और उसे उठाकर जंगल की ओर ले गया।परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे की तलाश शुरू की। करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम गुलदार की तलाश और आगे की कार्रवाई में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार गंगोलीहाट के खेतीगांव में शनिवार को लगभग पांच बजे प्रियांशु पुत्र भगवान राम घर के पास ही खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठा गुलदार उसे उठाकर ले गया। जैसे ही ग्रामीणों को इसका पता चला उन्होंने गुलदार का पीछा किया। घर से लगभग 200 मीटर दूर प्रियांशु का शव पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अजय पल्याल, मनीषा, लक्ष्मी लुंठी और दीवान सिंह शामिल रहे। वहीं कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। शव का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को जनता दरबार में जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर क्षेत्र को गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई थी। अब घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है। ग्राम प्रधान ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने के साथ ही क्षेत्र में गुलदार की निगरानी और सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है। मृतक का एक बड़ा भाई है। पिता नारायण राम राजमिस्त्री हैं। मासूम की मौत से माता, पिता और भाई समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

