हुंडई सर्विस सेंटर में भीषण आग,लाखों की क्षति
देहरादून (उद संवाददाता)। सुभाषनगर स्थित बीएम हुंडई के सर्विस सेंटर में गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सर्विस सेंटर की दो मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। इमारत से उठती ऊंची लपटों और घने धुएं के कारण आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई देने की बात सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सर्विस सेंटर परिसर से लगातार धुआं उठता रहा और आग के कारण आसपास के लोगों में भी अफरा तफरी का माहौल बना रहा। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में सर्विस सेंटर का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। दो मंजिलों में रखा सामान आग से जलकर राख हो गया। सर्विस सेंटर में वाहनों की सर्विसिंग से संबंधित सामान और अन्य सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग से हुए कुल नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। दमकल विभाग की टीमों ने आसपास के हिस्सों में आग फैलने की आशंका को देखते हुए भी कार्रवाई की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। आग में किसी व्यक्ति के हताहत होने की अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद सर्विस सेंटर में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किए जाने की बात कही जा रही है।
