कलैक्ट्रेट में गरजीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज आंगनवाड़ी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा उत्तराखण्ड जिला उधमसिंह नगर के बैनर तले जनपद भर आई सैकड़ों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलैक्ट्रेट में पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया। रोषित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना था कि वह अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर पिछले काफी समय से आंन्दोलन कर रही हैं परंतु सरकार उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि उनका वेतनमान बढ़ाया जाये। जिसमें राज्य सरकार से 140 रूपये और केन्द्र सरकार से 150 रूपये की बढ़ोत्तरी हो। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत होने उनको एकमुश्त 10 लाख रूपये दिये जायें, साथ ही योग्यतानुसार पेंशन भी उपलब्ध कराई जाये। उन्होंने कहा जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता वह आन्दोलन करती रहेंगी। इस दौरान उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचे उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा के माध्यम से अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित किया। इस दौरान सुशीला खत्री, रेखा नेगी, अनीता सहित जनपद भर से आई सैकड़ों की संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रही।
