September 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हिंदू रक्षा दल जिलाध्यक्ष को गोली मारी

पनियाला गांव में बाइक सवार दो हमलावरों ने किया हमला, कंधे को छूकर निकली गोली
रुड़की (उद संवाददाता)। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में मंगलवार शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मार दी। गोली कंधे को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पनियाला गांव निवासी विशाल चौहान पुत्र प्रवीण चौहान कार से किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद विशाल घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात मेले के दौरान विशाल चौहान और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। मंगलवार को हुई फायरिंग को पुलिस इस विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है। घायल विशाल चौहान ने एक राजनीतिक दल से जुड़े दो नेताओं के समर्थकों पर उन्हें गोली मरवाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सोमवार रात हुए विवाद के दौरान उन्हें धमकी भी दी गई थी। हालांकि इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भी सिविल अस्पताल पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *