September 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर बोला हमला, भाजपा हार चुकी है ,बौखलाहट में बेहड़ के साथ हाथापाई की गई

बाजपुर। किच्छा नगर पालिका चुनाव के बाद स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और कथित धांधली को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक तकरार में बदलता जा रहा है। विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित अभद्रता और हाथापाई के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल बाजपुर पहुंचे और पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान गोदियाल ने किच्छा नगर पालिका चुनाव को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद जिस तरह विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित तौर पर अभद्रता और हाथापाई की गई, उसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जब तक घटना के जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी नहीं होती, कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि किच्छा चुनाव में भाजपा हार चुकी है और इसी बौखलाहट में विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हाथापाई की गई। उन्होंने कहा कि निर्वाचित विधायक के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और सरकार व प्रशासन से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। गोदियाल ने किच्छा चुनाव की मतगणना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतगणना में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, क्योंकि देरी से पारदर्शिता को लेकर आशंकाएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरतने और मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से भी मामले का संज्ञान लेने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किच्छा की घटना को लेकर पार्टी पीछे नहीं हटेगी। विधायक बेहड़ के साथ कथित अभद्रता के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *