सीएम ने की हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा : जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को लंबित रखना अथवा केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए और संबंधित अधिकारी इसकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी लें। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कई शिकायतकर्ताओं से फोन पर सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। जिन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई थी, उन्हें गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, जिन शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का समाधान हो चुका था, उनसे भी फोन पर बातचीत कर फीडबैक लिया गया। शिकायतकर्ताओं ने सीएम हेल्पलाइन-1 905 के माध्यम से मिली त्वरित सहायता के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों को सड़कों की स्थिति को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि आम जनता को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की शिकायतों का प्रभावी समाधान सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सीएम हेल्पलाइन-1905 में दर्ज प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से निगरानी की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
