पण्डा बाईपास मार्ग पर गड्ढे मिलने पर डीएम सख्त, तत्काल मरम्मत के निर्देश
पिथौरागढ़ । जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज पण्डा बाईपास मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मार्ग के कुछ हिस्सों में गड्ढे पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल सड़क मरम्मत सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां स्थायी समाधान के लिए विस्तृत एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की बहानेबाजी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है और कार्यों में शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य सड़कों पर भी गड्ढों की मरम्मत युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को असुविधा न हो।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दिनेश मोहन गुप्ता, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
