घाट-पनार मोटर मार्ग पर वाहन पर गिरा बोल्डर, राहत एवं बचाव अभियान जारी
चम्पावत। घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार को एक वाहन के ऊपर अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिरने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।पुलिस कंट्रोल रूम चम्पावत से घटना की जानकारी प्राप्त होने के बाद पुलिस, राजस्व विभाग, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घाट-पनार मार्ग पर खड़े वाहन संख्या UK05TA2878 के ऊपर अचानक बोल्डर गिर गया। वाहन में कुल पांच लोग सवार बताए गए हैं।घटना में घायल दो व्यक्तियों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नीतू डागर मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं। जिला प्रशासन ने पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू अभियान को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया है।एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की दो एम्बुलेंस मौके के लिए रवाना कर दी गईं, ताकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भी घटनास्थल की स्थिति और राहत-बचाव कार्यों की लगातार जानकारी ले रहे हैं तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन ने मौके पर तैनात टीमों को सुरक्षित और त्वरित रेस्क्यू के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
