दावे-आपत्तियों के निस्तारण की निगरानी के लिए 9 पर्यवेक्षण अधिकारी तैनात
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने 9 आईएएस पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त किया है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार जनपद में डॉ. संदीप तिवारी, श्री ललित नारायण मिश्र, श्री नन्द कुमार और श्री गोपाल राम बिनवाल को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नैनीताल में श्री संजय कुमार और श्री विनीत तोमर तथा ऊधमसिंह नगर में श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का, श्री जय किशन और श्री दिवेश शाशनी को पर्यवेक्षण अधिकारी बनाया गया है।नामित अधिकारी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। इसमें नोटिस वितरण, तामीली और सुनवाई की प्रक्रिया प्रमुख रूप से शामिल है। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करते हुए दावों एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने पर भी नजर रखी जाएगी।पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने दैनिक निरीक्षण की आख्या सप्ताह में दो बार संबंधित मंडलायुक्त के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजनी होगी। रिपोर्टिंग के लिए Manual on Electoral Roll-2023 के अध्याय-11 में निर्धारित पुनरीक्षण प्रक्रिया एवं रिपोर्टिंग प्रारूप का पालन किया जाएगा।आदेश के अनुसार निर्धारित पुनरीक्षण अवधि तक नामित अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के नियंत्रण, पर्यवेक्षण एवं अनुशासन के अधीन रहेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
