जुए में यश हार चुका था लाखों रुपये : फिल्मी अंदाज में व्यापारियों से हुई डकैती का खुलासा,दो बदमाश गिरफ्तार
हल्द्वानी । बरेली रोड में ग्राम गोरापड़ाव में 19 अगस्त की रात्रि फिल्मी अंदाज में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने त्वरित कार्रवाई और सटीक रणनीति के दम पर महज दो दिन में खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस टीम ने हजारों की नगदी, व हथियारों सहित दो शातिर बदमाशों को गिरफ्रतार किया है। एसएसपी ने बताया कि करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम ने दिन-रात जांच करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्रतार कर लिया। 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने एक कार्यालय/गैराज में धावा बोलकर करीब 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन, तीन सोने की चेन और अंगूठियां लूट ली थीं।इस मामले में नारायण दास पुत्र रोशन लाल निवासी अम्बा बिहार तीनपानी हल्द्वानी द्वारा तहरीर दी गयी कि 10 अज्ञात हथियार बंद अभियुक्तगणों द्वारा केआईए शोरुम के पीछे स्थित उसके आफिस/गैराज गोरापड़ाव तीनपानी में डकैती डालकर उससे व उसके परिचितों के लगभग 08 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन व 3 सोने की चौन व अंगूठी आदि लूट ली गई हैं। उन्होंने बताया घटना की सूचना मिलते ही मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा और स्वयं घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और घटना के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी ली और पूरे घटनाक्रम का रिव्यू किया। इसके बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और गठित टीमों को अलग-अलग टास्क सौंपते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया मामले के शीघ्र खुलासे के लिए करीब 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। इसमें एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र,एसपी मनोज कत्याल, एएसपी/ सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद सहित थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम स्पेशलिस्ट, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। पुलिस की लगातार जांच के बाद दो संदिग्धों को चिन्हित किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू पुत्र सुखपाल सिंह निवासी विथा अकबर सितारगंज जनपद उधम सिंह नगर व रखवीर सिंह पुत्र हरविन्दर सिंह निवासी ईश्वरपुर थाना शीषगढ़ जिला बरेली के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि किच्छा निवासी यश सिडाना जुए में लाखों रुपये हार चुका था। आर्थिक तंगी और जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए डकैती की योजना बनाई गई। आरोपियों ने पहले गोरापड़ाव स्थित कार्यालय की रेकी की और फिर अन्य लोगों को साथ लेकर हथियारों के बल पर डकैती को अंजाम दिया। लूट के बाद रकम आपस में बांट ली गई, जबकि मोबाइल फोन पुलिस से बचने और डिजिटल साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रास्ते में फेंक दिए ।पुलिस ने आरोपी वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू से 31 हजार रुपये नकद और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी रखबीर सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वंशप्रीत के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61;2 और 317;3 ठछै की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार संगठित तरीके से अपराध किए जाने के आधार पर नए कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु एसएसपी ने 2500 रूपये के ईनाम से पुरूस्कृत किया।
