फ्लाईओवर से गिरा था युवक, सरकारी अस्पताल में नही मिला चिकित्सक,मौत
रूद्रपुर । गुरूवार को काशीपुर मार्ग पर असंतुलित होकर फ्लाईओवर से गिरे युवक की जिला चिकित्सालय में समय पर उपचार न मिलने और अधिक खून बह जाने के कारण मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों के साथ लोगों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। जिस पर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा- चन्द्र प्रकाश भैसोड़ा द्वारा मामले की जांच कराने की बात कहकर लोगों को शांत किया। बताया जाता है ग्राम नन्दपुर निवासी 23 वर्षीय जितेन्द्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह बाईक से यहां ड्यूटी पर आ रहा था। मार्ग में वह असुंलित हो गया और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। उसेे लोगों ने निजी वाहन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। बताया जाता है कि वहां काफी देर तक चिकित्सक के उपलब्ध न होने के कारण जितेन्द्र के शरीर से लगातार खून बहता गया।जब तक चिकित्सक मौके पर पहुंचते जितेन्द्र की अत्याधिक खून बहने से मौत हो गईं। जिससे उसके परिजनों एवं वहां मौजूद लोगों ने चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं को लेकर भारी आक्रोष व्याप्त हो गया और लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा- चन्द्र प्रसाद भैसोड़ा वहां आ पहुंचे और उन्होंने रोषित लोगों से बातचीत की तथा घटना की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त करते हुये कहा कि इस मामले की दो वरिष्ठ चिकित्सकों से जांच कराई जायेगी तथा भविष्य में मार्ग दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को प्राथमिकता से उपचार मिले। इसका विशेष ध्यान रखा जायेगा। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही समाज सेवी सुशील गाबा भी जिला अस्पताल पहुंच गए और उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। एक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया, लेकिन परिजनों के अनुसार करीब 45 मिनट तक उसे समुचित उपचार नहीं मिल सका। इस दौरान घायल के शरीर से लगातार खून बहता रहा और अंततः उसकी मौत हो गई। सरकारी अस्पतालों में आने वाला हर मरीज समय पर इलाज पाने का अधिकार रखता है। किसी घायल की जान केवल इसलिए नहीं जानी चाहिए कि उसे समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए इमरजेंसी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। इस दौरान नरेश अरोड़ा, ललित सिंह बिष्ट,जुगनू गुड़िया,स्वरूप सिंह, ग्राम प्रधान गुरदेव सिंह, सुरेश सिंह, अनिल चौधरी,साहब सिंह आदि मौजूद थे।
