सड़कों पर बने कटों को लेकर टीम ने किया निरीक्षण
रुद्रपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क हादसों की आशंका को कम करने के लिए रुद्रपुर-नैनीताल मुख्य मार्ग तथा काशीपुर-किच्छा बाईपास मार्ग पर बने अनावश्यक कटों को बंद किया जाएगा। इसको लेकर बुधवार को प्रशासन और पुलिस विभाग की टीम ने विभिन्न मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रातः अटरिया मोड़ चौक से त्रिशूल चौक, डीडी चौक से किच्छा बाईपास तथा गाबा चौक सहित प्रमुख सड़क मार्गों का निरीक्षण किया गया। टीम ने ऐसे कटों को चिन्हित किया जहां से वाहन चालक रॉन्ग साइड में प्रवेश कर रहे हैं और यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे अनावश्यक कटों को शीघ्र बंद करने का निर्णय लिया गया। एआरटीओ ने बताया कि जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर के विभिन्न स्थानों पर लगने वाले जाम और यातायात व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए गए थे। इसके बाद सड़क मार्गों का निरीक्षण कर यह चिन्हित किया जा रहा है कि किन स्थानों पर बने कट बंद किए जाने जरूरी हैं और किन स्थानों पर यातायात की आवश्यकता को देखते हुए कट खोले जा सकते हैं। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि किन स्थानों पर रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं रहती है। ऐसे स्थानों को भी चिन्हित किया गया है। यहां आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के लिए लाइट लगाने की कार्रवाई की जाएगी। टीम ने यातायात मानकों और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक कटों को चिन्हित किया है। अधिकारियों का कहना है कि जिन कटों की आवश्यकता नहीं है उन्हें बंद किया जाएगा जबकि यातायात की वास्तविक आवश्यकता वाले स्थानों पर ही कट की व्यवस्था रखी जाएगी। इससे रॉन्ग साइड वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और शहर में जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
