महिला की गला काटकर हत्या
पुल के पास मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
मंगलौर (उद संवाददाता)। पुराने गंगनहर पुल के किनारे मंगलवार सुबह करीब 38 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर महिला की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शव मिलने की सूचना पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और प्रभारी निरीक्षक भगवान महर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर पिछले दिनों दर्ज हुई महिलाओं की गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा महिला की पहचान कराने के लिए अन्य स्तरों पर भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला घटनास्थल तक कैसे पहुंची और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या पुराने गंगनहर पुल के पास ही की गई अथवा किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। घटनास्थल की परिस्थितियों और वहां मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल महिला की पहचान और हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। महिला की शिनाख्त होने के बाद घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है। पुलिस हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के लिए जांच में जुटी हुई है
