ITBP जवान प्रदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से दी अंतिम विदाई
चमोली/नारायणबगड़। उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ क्षेत्र के डुंग्री गांव निवासी ITBP जवान प्रदीप कुमार (35) का पठानकोट में हुए दर्दनाक ट्रेन हादसे में निधन हो गया। प्रदीप कुमार अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए हादसे में उनकी जान चली गई। प्रदीप कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। उनके निधन की खबर मिलते ही डुंग्री गांव समेत पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।रविवार को जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक घाट नारायणबगड़ लाया गया। तिरंगे में लिपटे अपने लाल को अंतिम बार देखकर परिजन भावुक हो उठे। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी।23वीं बटालियन ITBP के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में जवानों ने प्रदीप कुमार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। पुलिस-प्रशासन की ओर से भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान तहसीलदार राजेंद्र सिंह बिष्ट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।देश सेवा में समर्पित एक जांबाज जवान का इस तरह असमय चले जाना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रदीप कुमार की शहादत और उनके समर्पण को क्षेत्रवासी लंबे समय तक याद रखेंगे।
