February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरों ने बंद घर से उड़ाये लाखों के जेवरात

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बीते दिनाें हुई हत्या व डकैती के मामले के खुलासे के लिए पुलिस के आलाधिकारी क्षेत्र में डेरा जमाए हुए हैं लेकिन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। गत दिनों अज्ञात चोरों ने बंद घर के ताले तोड़ वहां से लाखों की कीमत के सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिये। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गयी है। बनखंडी कालोनी फुलसुंगा निवासी सुनील रस्तोगी पुत्र श्याम सुंदरलाल ने बताया कि गत 15जून को वह अपने घर में ताला लगाकर गांव गया था। उसकी गैरमौजूदगी में अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर चोरी कर ली। सुनील ने बताया कि उसे घटना की जानकारी 21 जून को लगी। जब उसने घर वापस आकर देखा तो घर के सारे ताले टूटे हुए थे और भीतर सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। सुनील का कहना है कि अज्ञात चोर घर से म्यूजिक सिस्टम, चांदी की दो ट्रे, 2-700ग्राम पुरानी चांदी, 3 किलो चांदी की नई पायलें, चांदी के 18 सिक्के, 90हजार कीमत के विभिन्न राशियों के नग, सोने की एक तोले की नोज रिंग, सोने का एक जोड़ा कड़ा चोरी कर ले गये। सुनील का कहना है कि उसने घटना की सूचना गत दिवस पुलिस को दे दी थी लेकिन पुलिस ने रपट दर्ज नहीं की। आज जब विधायक राजकुमार ठुकराल थाने में प्रदर्शन कर रहे थे उसी दौरान सुनील रस्तोगी ने अपनी व्यथा सुनायी जिस पर पुलिस ने सुनील से तहरीर लेकर मामले पर कार्रवाई शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *