नशीले सिरप की खेप सहित दवा व्यवसायी गिरफ्तार
एसटीएफ, एएनटीएफ, ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
हरिद्वार (उद संवाददाता)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एसटीएफ, एएनटीएफ, ड्रग विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण एवं बिक्री करने के आरोप में एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के फ्लैट और कार से 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसटीएफ के अनुसार मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्ी देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ, एएनटीएफ, ड्रग विभाग और ज्वालापुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम हरिद्वार क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर रही थी। इस दौरान गोपनीय सूचना मिली कि सराय गांव स्थित वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक आकाश छाबड़ा अपने आर्य नगर स्थित फ्लैट में अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने आरोपी के फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में रखी 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई। टीम ने जब सिरप की खरीद, बिक्री और भंडारण से संबंधित वैध अभिलेख मांगे तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले लोगों को फुटकर में कोडीन युक्त सिरप बेचकर अवैध लाभ कमाता था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आकाश छाबड़ा निवासी आर्य नगर, ज्वालापुर को गिरफ्तार कर लिया तथा उसकी वैगनआर कार को भी कब्जे में ले लिया। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान नशीले सिरप की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी एसटीएफ ने आमजन से नशे से दूर रहने तथा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस या एसटीएफ को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ड्रग्स फ्ी देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
