पुरानी रंजिश में हुई थी सरदार नगर फायरिंग, चार आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। गदरपुर के समीपवर्ती गांव स्थित सरदार नगर में हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को एसएसपी अजय गणपति ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का परिणाम थी। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी ने बताया कि फायरिंग में गगन के पैर में गोली लगी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि जुलाई माह में बाजपुर में किसी बात को लेकर गगन और मुख्य आरोपी सौरभ कुमार के बीच मारपीट हुई थी। उसी रंजिश को लेकर सौरभ कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर गगन पर फायरिंग कर दी, जिससे उसके पैर में गोली लग गई।पुलिस ने तीन अगस्त को मुख्य आरोपी सौरभ कुमार के साथ राजवीर सिंह, आकाशदीप और प्रशांत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
