ब्लेकमेलिंग से तंग महिला ने फांसी लगाकर दी जान
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने रविवार की दोपहर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति दोनों बच्चों के साथ बाजार सामान लेने गया था। जहां से वापस लौटने पर उन्होंने उसे कमरे के पंखे पर फांसी से झूलता पाया। शोर की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग भी आ पहुंचे। महिला को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के पति ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी पत्नी को एक युवक पिछले कई दिनों से फोन कर ब्लेक मेल कर रहा था। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार तपस्या विहार कालोनी, गंगापुर रोड़ निवासी योगेश सिंह सोलंकी कोटद्वार में एक फार्मा कम्पनी में काम करता है और अपनी पत्नी 36 वर्षीय दीक्षा व 14 वर्षीय पुत्री और 10 वर्षीय पुत्र के साथ स्वयं के मकान में रहता है। बताया जाता है कि योगेश रविवार की दोपहर अपने दोनों बच्चों के साथ सामान लेने लिए बाजार गया था। करीब दो घंटे के बाद जब सभी घर वापस लौटे तो उन्होंने दीक्षा को कमरे में पंखे पर चुन्नी से बनाई फांसी पर लटका पाया। ऐसा देख उन्होंने शोर मचाया। शोर की आवाज सुनकर वहां कई लोग आ पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी आ गये। दीक्षा को फांसी से उतारकर चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति योगेश ने बताया कि परिवार में किसी भी तरह से कोई विवाद नहीं था। उसने बताया कि कोई युवक उसकी पत्नी को पिछले कुछ दिनों से फोन कर ब्लेकमेल कर रहा था। पत्नी के चहरे पर भय सा देखकर इसका उसे कई बार शक हुआ। उसने पत्नी के मोबाईल को जांचा तो उसमें अज्ञात के फोन कई बार देखे। पूछने पर पत्नी हर बार टालती रही और मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगी थी। उसका कहना था कि यदि पुलिस उसकी मृतका पत्नी दीक्षा के मोबाईल के कॉल रिकार्ड की डिटेल की गहरी छानबीन करे तो सारी सच्चाई सामने आ जायेगी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा रहा। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
