सरेआम वृद्धा के कान से कुंडल खींचने के मामले का खुलासा, दो गिरफ्तार
हल्द्वानी । मुखानी कोतवाली क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के कान से कुंडल छीनकर फरार हुए दोनों बदमाशों को पुलिस और एसओजी टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी ने घटना का खुलासे करते हुए बताया कि 30 जुलाई को चम्पा देवी पत्नी मनोज नाथ, निवासी जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला, हल्द्वानी द्वारा थाना मुखानी में तहरीर दी कि दो अज्ञात युवक उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में अभियोग पंजीकृत किया गया। उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी एवं एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में मुखानी पुलिस एवं एसओजी टीम ने झपटमारी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद किया है। एसएसपी ने बताया टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी कैमरों का गहन अवलोकन किया गया, जिसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। उनकी पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु मैन्युअल एवं टेक्निकल सर्विलांस को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम द्वारा अथक प्रयास से घटना में शामिल दोनों युवक रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम पता अजय पुत्र शांति स्वरूप निवासी वार्ड एक, बिल्सी, बदायूं उत्तर प्रदेश व सूरज जोशी पुत्र नरेंद्र जोशी निवासी वार्ड आठ, बिल्सी, बदायूं उत्तर प्रदेश बताया।पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि ये दोनों गली-गली में जाकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं। इस मामले में अभियुक्त अजय की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से घटना में झपटा गया सोने का एक कान का कुंडल बरामद हुआ।
