Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

महिला को गोली मारकर युवक ने की आत्महत्या, महिला गंभीर

देहरादून (उद संवाददाता)। देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने कथित तौर पर पहले एक महिला को तमंचे से गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून के निजी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस प्रारंभिक जांच में मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चकराता निवासी कमलेश के रूप में हुई है, जबकि घायल महिला संगीता मूल रूप से त्यूणी क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। वह कल्याणपुर में किराये के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। बताया गया कि बुधवार सुबह कमलेश महिला के कमरे में पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कमलेश ने तमंचे से संगीता पर गोली चला दी। गोली महिला की कनपटी को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके तुरंत बाद कमलेश ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजे की जाली तोड़कर भीतर प्रवेश किया। अंदर दोनों खून से लथपथ पड़े मिले। कमलेश की मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने तत्काल उसे विकासनगर के उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटनास्थल से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कमलेश और संगीता दोनों ही शादीशुदा हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कमलेश का महिला के घर आना जाना था। इसी आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस ने घटना की सूचना महिला के पति और मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट, बरामद हथियार की जांच तथा घायल महिला के बयान के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *