34 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
बाजपुर । बाजपुर पुलिस ने सुनार की दुकान में हुई करीब 34 लाख रुपये की चोरी का शत प्रतिशत खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39 हजार 500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार नौ जुलाई को बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उनकी ओम ज्वैलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान है। आठ जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्रतारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी और पतारसी के आधार पर लगातार जांच आगे बढ़ाई गई। इसके बाद 19 और 20 जुलाई की रात किशनपुर मौलागढ़ बॉर्डर से घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या यूके 18 टीए 2192 सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्रतार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटे और उसके बाद शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। गिरफ्रतार आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शकील अहमद निवासी आदर्श नगर वार्ड 38 काशीपुर, हाल निवासी नरपत नगर थाना स्वार जनपद रामपुर, इस्लाम पुत्र सफी अहमद निवासी नरपत नगर थाना स्वार जनपद रामपुर तथा करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद निवासी नरपत नगर थाना स्वार जनपद रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 39 हजार 500 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्रतार आरोपी आजम के खिलाफ बाजपुर कोतवाली में चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण, सर्विलांस और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से प्रत्येक घटना का खुलासा कर आरोपियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के विरु( कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खुलासा करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह धामी, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मेहता, उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह परिहार, अपर उपनिरीक्षक राकेश सिंह रौंकली, मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह बिष्ट, मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार, आरक्षी अमित जोशी, शैलेंद्र सिंह, विजय पाल बिष्ट, जरनैल सिंह, दीपक, कैलाश तोमक्याल और इमरान शामिल रहे।
