दून में बेरोजगार संघ के नेतृत्व में युवाओं का सचिवालय कूच,पुलिस से झड़प
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के नेतृत्व में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने सचिवालय कूच किया। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड पार करने का प्रयास करने पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की तथा झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात रही, जबकि एहतियात के तौर पर वाटर कैनन भी तैयार रखा गया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। दर्शनकारी सचिवालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कुछ युवक और छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए तथा आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने उन्हें रोकते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में सैकड़ों युवा और विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन कारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उत्तराखंड पुलिस भर्ती की वेटिंग सूची जारी करने, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से जूनियर इंजीनियर और सहायक अभियंता भर्ती का विज्ञापन जारी करने, आयोग की लंबित भर्तियों को शुरू करने तथा नियमित भर्ती कैलेंडर घोषित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा रुकी हुई सभी भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र शुरू करने की भी मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाएं लंबित रहने के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भी नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक सचिवालय मार्ग पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए था।
