Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून पहुंचे राहुल गांधी : आज शाम 5 बजे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में करेंगे छात्रों से संवाद

कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता के घर परिजनों से मिलने पहुंचे राहुल गांधी
कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया
देहरादून।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंच गए। जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया, जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए। राहुल गांधी आज शाम 5 बजे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे । कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इस बार परेड ग्राउंड के बजाय बन्नू कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि कार्यक्रम के लिए 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। संभावित भीड़ को देखते हुए कांग्रेस की आंतरिक टीम व्यवस्थाओं में जुटी हुई है। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच से छात्रों को संबोधित करेंगे और उनके साथ सीधा संवाद भी करेंगे। आयोजन स्थल पर एक विशेष मंच तैयार किया गया है, जिस पर केवल राहुल गांधी मौजूद रहेंगे। ग्राउंड की सीमित क्षमता और बड़ी संख्या में छात्रों के आने की संभावना को देखते हुए पंडाल में स्टैंडिंग व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए दिल्ली से सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में लगभग 40 से 50 सुरक्षाकर्मियों की टीम देहरादून पहुंची है। टीम ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। सुरक्षा से जुड़े उपकरण और अन्य सामग्री छह ट्रकों के माध्यम से पहले ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा दी गई है, जबकि अंतिम तैयारियां जारी हैं। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने बताया कि राहुल गांधी के साथ संवाद को लेकर छात्रों और युवाओं में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि अब यह देखना होगा कि पंजीकरण कराने वाले छात्रों में से कितने कार्यक्रम में पहुंचते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल पूर्व पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों को ही दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *