बद्रीनाथ दान चोरी कांड में बड़ा खुलासा : फुटेज में आरोपी कई बार धनराशि और अन्य भेंट सामग्रीजेब में रखकर गणना कक्ष से बाहर ले जाता दिखाई दिया
SIT जांच के बाद मंदिर समिति का कार्मिक गिरफ्तार
चमोली, 13 जुलाई। श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) की जांच के बाद मंदिर समिति के एक कार्मिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण गंभीरता से लिया गया। 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली बद्रीनाथ में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। तहरीर में बताया गया कि 2 जुलाई 2026 को श्री बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर विभागीय जांच समिति गठित की गई। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल पर थाली भेंट गणना स्थल से मंदिर की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री को कथित रूप से निजी हित में ले जाने के आरोप पाए गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली बद्रीनाथ में मुकदमा संख्या 06/2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल ने शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, वादी एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा 2 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया। पुलिस का दावा है कि फुटेज में आरोपी कई बार धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर गणना कक्ष से बाहर ले जाता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर का पैकेट कथित रूप से अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 12 जुलाई 2026 की रात लगभग 10 बजे आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम 1- पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट 2- निरीक्षक महादेव उनियाल- प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बद्रीनाथ 3 उ0नि0 प्रकाश बिष्ट- एसआईटी 4- उ0नि0 दिनेश पंवार- एसआईटी 5- अ0उ0नि0 भूपेन्द्र प्रसाद- कोतवाली बद्रीनाथ 6- हे0कां0 चन्दन नगरकोटी- एसआईटी 7- हे0कां0 अरुण गैरोला- कोतवाली बद्रीनाथ 8- हे0कां0 सुशील कुमार -कोतवाली बद्रीनाछ 9- कां0 आशुतोष तिवारी- एसआईटी/एसओजी 10- कां0 राजेन्द्र रावत- एसआईटी/एसओजी 11- कां0 गौरव रावत -कोतवाली बद्रीनाथ 12- कां0 जसपाल सिंह- कोतवाली बद्रीनाथ 13- महिला कांस्टेबल सपना- कोतवाली बद्रीनाथ 14- हे0कां0 दूरसंचार- दीपक प्रजापति 15- कां0 रजत शर्मा- एसओजी
