बूथ से वोटर लिस्ट तक फोकस, मिशन 2027 में जुटी भाजपा
देहरादून । उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को देहरादून के कुआंवाला में आयोजित संगठनात्मक बैठक में राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल सरकार की उपलब्धियों के आधार पर नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, त्रुटिरहित मतदाता सूची और प्रत्येक समर्थक मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की प्रभावी रणनीति के साथ लड़ा जाएगा। बैठक में संगठन की मजबूती, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और बूथ प्रबंधन को चुनावी सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश पदाधिकारियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विधानसभा चुनाव 2027 के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना और चुनावी तैयारियों को धरातल पर मजबूत करना रहा। राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को भाजपा का अभेद दुर्ग बनाना है। उन्होंने प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर विशेष ध्यान देने का आ“वान करते हुए कहा कि चुनाव में जीत का आधार मजबूत बूथ संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मतदाता सूची के पुनरीक्षण से लेकर मतदान दिवस तक अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करे। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया। पार्टी नेतृत्व ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र नाम सूची में शामिल न हों। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करते हुए घर घर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि त्रुटिरहित मतदाता सूची चुनावी सफलता की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से संगठन के जहां कम, वहां हम अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का आ“वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए मजबूत संगठन और बेहतर चुनाव प्रबंधन अनिवार्य है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा ताकि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और मतदान प्रतिशत में भी वृ(ि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर पार्टी आगामी चुनाव में नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि मतदाता सूची को लेकर भाजपा पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाना है, जिसके तहत प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्वाचन आयोग तथा संबंधित संवैधानिक संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में केंद्रीय टीम के सदस्य एवं पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल तथा प्रकाश तंवर ने भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, संगठन की भूमिका, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा चुनावी प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान पदाधिकारियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए उन्होंने मतदाता सूची को शु( और अद्यतन बनाए रखने के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं पर भी मार्गदर्शन किया। बैठक में यह भी माना गया कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में अनुकूल राजनीतिक वातावरण है, लेकिन इस माहौल को मतदान में परिवर्तित करना संगठन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ पर सक्रिय संगठन, नियमित जनसंपर्क, मतदाता सूची का सतत सत्यापन और समर्थक मतदाताओं तक सीधा संपर्क स्थापित करने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा की इस संगठनात्मक बैठक को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के माध्यम से पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अब पूरी तरह संगठनात्मक स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। सरकार की उपलब्धियों के साथ साथ भाजपा अब बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची की शु(ता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मजबूत जमीनी नेटवर्क को अपनी सबसे बड़ी चुनावी ताकत बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। आने वाले महीनों में पार्टी का पूरा फोकस बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय, सशक्त और संगठित करने पर रहेगा।



