Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आठ तमंचे और दस कारतूस समेत तस्कर दबोचा

एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, हथियारों के नेटवर्क की जांच तेज
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। नैनीताल पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर जनपदीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आठ अवैध देशी तमंचे और दस जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब हथियारों के स्रोत, खरीद फरोख्त के नेटवर्क तथा अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ- मंजूनाथ टी-सी- के निर्देशन में जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्रधिकारी लालकुआं अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा के नेतृत्व में थाना चोरगलिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम 27 जून को एमवीआर गेट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने गलफार गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से दो 12 बोर के देशी तमंचे, छह 315 बोर के देशी तमंचे तथा कुल 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद हथियारों में दो 12 बोर के तमंचों के साथ छह जिंदा कारतूस तथा छह 315 बोर के तमंचों के साथ चार जिंदा कारतूस शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी की पहचान रियासत पुत्र रईस अहमद निवासी ग्राम एवं पोस्ट नकुलिया, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध हथियार कहां से लाए गए थे और किन लोगों तक उनकी आपूर्ति की जानी थी। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक निधि शर्मा, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा, कांस्टेबल भारत भूषण तथा कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ- मंजूनाथ टी-सी- ने इस सराहनीय कार्रवाई के लिए संयुक्त पुलिस टीम को 2500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *