कांग्रेस ने सरकारी जमीनों के भूमि हस्तांतरण और भू-माफियाओं के खिलाफ किया सचिवालय घेराव
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सोमवार को भूमि घोटालों, सरकारी जमीनों के कथित हस्तांतरण और भू-माफियाओं के खिलाफ सचिवालय घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय से सचिवालय की ओर मार्च करते हुए राजपुर रोड से सुभाष रोड पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस ने गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया, जहां से बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि पिछले दस वर्षों में राज्य में भूमि से जुड़े कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिन्होंने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकारी संसाधनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की हजारों एकड़ भूमि को भू-माफियाओं के हवाले करने की साजिश रची जा रही है और सरकार इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2025 में हरिद्वार नगर निगम द्वारा की गई भूमि खरीद से जुड़े मामले की जांच में अनियमितताओं की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई। उन्होंने कहा कि यह मामला भूमि संबंधी मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही की आवश्यकता को दर्शाता है।उन्होंने जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र की भूमि के आवंटन, उत्तराखंड जल विद्युत निगम की डाकपत्थर स्थित लगभग 180 एकड़ भूमि के हस्तांतरण तथा रामगढ़ में सरकारी भूमि को निजी हाथों में सौंपे जाने के आरोपों का भी उल्लेख किया। साथ ही, उत्तराखंड निवेश एवं अवसंरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा विकसित किए जा रहे लैंड बैंक को लेकर भी जनता के बीच आशंकाएं जताईं।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजस्व, पर्यटन, उद्यान, कृषि, सिडकुल तथा ऊर्जा निगमों की भूमि को एकत्र कर भविष्य में निजी हितों के लिए उपयोग किए जाने की संभावनाओं को लेकर जनता चिंतित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर उत्तराखंड की जल, जंगल और जमीन से समझौता नहीं होने देगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, नवीन जोशी, विरेंद्र पोखरियाल, गोदावरी थापली, राजकुमार, गरिमा महरा दसौनी, ज्योति रौतेला, लालचंद शर्मा तथा महेंद्र नेगी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



