क्रिसमन वर्ल्ड स्कूल बंद करने पर फूटा गुस्सा
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। नगर के एक निजी स्कूल को संचालकों द्वारा शैक्षणिक सत्र के बीच में ही बंद कर दिये जाने से स्कूल में पढ़ रहे बच्चों के अभिभावकों में रोष भड़क उठा। आज सैकड़ों अभिभावकों ने स्कूल में प्रबंधन के खिलाफ अपना रोष जाहिर करते हुए स्कूल को वर्तमान सत्र पूर्ण होने तक संचालित करने की मांग की और ऐसा न होने पर उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल करने की चेतावनी दी। अभिभावकों का आरोप है कि क्रिसमन वर्ल्ड स्कूल का नया शैक्षिक सत्र प्रारम्भ हुए तीन माह का समय व्यतीत हो चुका है। स्कूल में सैकड़ों बच्चों के प्रवेश कराये जा चुके हैं। लेकिन अब मैनेजमेंट द्वारा यह कहकर स्कूल बंद करने की बात कही जा रही है कि ऑडिट रिपोर्ट में स्कूल की बिल्डिंग कमजोर बताये जाने के कारण यहां पर पढ़ने वाले बच्चों का जीवन सुरक्षित नहीं है। इसलिए स्कूल को बंद किया जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि जब स्कूल की बिल्डिंग कमजोर है तो तीन महीने पहले बच्चों को प्रवेश ही क्यों दिलाया गया? अब उनके समक्ष बच्चों के अन्य स्कूल में प्रवेश के लिए भारी परेशानियां आ रही हैं। वहीं बच्चों को भी मानसिक और शारीरिक रूप से तनाव की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि प्रबंधन वर्तमान शिक्षा सत्र को पूरा करे अन्यथा उन्हें उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल करने को मजबूर होना पड़ेगा। उनका यह भी आरोप है कि स्कूल में अभिभावकों को नियंत्रित करने के लिए मैनेजमेंट द्वारा बाउन्सर और पुलिस को भी बुला लिया गया है। जो अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव डालने जैसा है। इस समय स्कूल में अभिभावकों को जवाब देने के लिए कोई भी जिम्मेवार व्यक्ति मौजूद नहीं है। अभिभावकों ने यह भी आशंका जताई कि प्रबंधत=ां द्वारा स्कूल में कभी भी ताला लगा दिया जा सकता है। इस मामले में प्रशासन व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए।
