सीएम ने पर्यावरण दिवस पर भीमताल में दी 96 करोड़ की योजनाओं की सौगात
मूसलाधार बारिश के बीच मुख्यमंत्री स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे
भीमताल/नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल के रामलीला मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में नैनीताल जनपद को 96 करोड़ 71 लाख रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए पर्यावरण संरक्षण, झीलों के संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संकल्प को केंद्र में रखा गया। प्रशासन की ओर से भीमताल क्षेत्र में हजारों पौधे रोपित करने का अभियान भी चलाया गया। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य का प्रदेश नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का अग्रदूत भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘इकोलॉजी और इकोनॉमी’ के संतुलन के मंत्र पर कार्य कर रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास दोनों को समान गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा को लागू कर पर्यावरणीय सेवाओं के आर्थिक महत्व को पहचान दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आ“वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झीलों के संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विकास, यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और पर्यावरण अनुकूल विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। भीमताल सहित नैनीताल जिले में पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न संदेशों का प्रसार किया गया तथा जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विकास और पर्यावरण संरक्षण के संतुलित दृष्टिकोण का प्रतीक बनकर उभरा। इससे पूर्व नैनीताल में मुख्यमंत्री धामी ने खराब मौसम और तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। मूसलाधार बारिश के बीच मुख्यमंत्री स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे, उनका हालचाल जाना और संगठन की मजबूती में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं और उनके समर्पण से ही विकास एवं जनसेवा के लक्ष्य पूरे किए जा सकते हैं।


