कांवड़ यात्री को गोली मारी, गंभीर
हरिद्वार । कनखल क्षेत्र में देर रात एक कांवड़ यात्री को गोली मार दिए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल कांवड़ यात्राी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना रविवार देर रात गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे हुई। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा कर रहा था। देर रात होने पर कांवड़ियों का दल हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल पर मौजूद युवक शोर-शराबा कर रहे थे, जिस पर कांवड़ियों ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ समय बाद उक्त युवक पुल से नीचे उतरकर कांवड़ियों के पास पहुंचे और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने अजय पर गोली चला दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ऋषिकेश स्थित एम्स रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से ग्रेटर नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस सदस्य शामिल बताए गए हैं और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना की सूचना पर क्षेत्रधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
