Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। यहां अपने भाई के गंगापुर मार्ग पर स्थित वसुंधरा कालोनी के घर में आई एक नवविवाहिता बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने उसके ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका का विवाह करीब तीन माह पूर्व होने के कारण मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सक का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतका द्वारा भाई के घर किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिए जाने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है।। जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई थी। परिजनों के अनुसार मूल रूप से फतेहगंज पश्चिम, बरेली निवासी दो भाईयों की इकलौती बहन 24 वर्षीय काजल पुत्री राजवीर पिछले करीब दो वर्षों से सिडकुल की एक कम्पनी में काम करती थी। इस वर्ष परिजनों ने उसका रिश्ता पंजाबी मौहल्ला, किच्छा निवासी एक युवक से किया था। परिजनों का आरोप है विवाह से पूर्व ही ससुरालियों द्वारा 15 लाख रूपये नगद और बुलेट मोटर साईकिल की मांग की जाने लगी। 18फरवरी 2026 को सम्पन्न हुए विवाह के बाद ससुरालियों द्वारा अपनी मांग को लेकर काजल का उत्पीड़न किया जाने लगा। आरोप है उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई धमकियां दी जाती थीं। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व काजल की सास उसे गंगापुर रोड़ वसुंधरा कालोनी निवासी उसके भाई पवन के घर छोड़ गई। जहां काजल ने भाई को सारी आप बीती बताई । तब से काजल हमेशा मानसिक तनाव में रहती थी। रविवार की रात्रि काजल की हालत अचानक तेजी से बिगड़ गई। भाई पवन ने उसे उपचार के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी आ पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका काजल का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया और मृतका के नवविवाहिता होने के कारण इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। आज मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतका का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका काजल द्वारा किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन कर लेने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है। भाई पवन ने बताया कि काजल की मौत के बाद उसके पति का एक करीबी रिश्तेदार उसके घर आ धमका और कोई भी कार्रवाई करने पर तमंचा दिखाकर धमकी देने लगा। इतना ही नहीं वह पुनः पोस्टमार्टम हाऊस आकर धमकी देकर गया है। मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मामले की जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *