दो प्राचीन मंदिरों से घंटे-कलश और मूर्ति चोरी
दानपात्रें को भी बनाया निशाना,सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
काशीपुर । नगर क्षेत्र के दो प्राचीन मंदिरों में चोरों ने धावा बोलकर धार्मिक आस्था से जुड़े सामान और दानपात्रें को निशाना बना लिया। चोर एक मंदिर से घंटा, तांबे का कलश समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए, जबकि दूसरे मंदिर से नाग देवता की प्रतिमा और पूजा में प्रयुक्त सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कटोराताल स्थित प्राचीन नागनाथ मंदिर में बीती रात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर तांबे का कलश, घंटा तथा अन्य धार्मिक सामान चोरी कर लिया। चोरों ने मंदिर के दानपात्र को भी निशाना बनाया। घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। मंदिर में सामान गायब देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान चोरों ने नगर के प्राचीन गंगे बाबा मंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यहां से शंकर भगवान के नाग देवता, तांबे का लोटा तथा अन्य पूजा सामग्री चोरी कर ली गई। मंदिर के सेवक राजेश शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मंदिर में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। इससे पूर्व भी चोर मंदिर से तांबे का लोटा और भगवान हनुमान की गदा चोरी कर ले गए थे। उन्होंने बताया कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति माता मंदिर के पीछे से बाउंड्री फांदकर परिसर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह मंदिर से नाग देवता, कलश और तांबे का लोटा लेकर जाता भी नजर आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम दोनों मंदिरों में पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रें में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटाई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी। लगातार मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
