Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पांच जिलों में अलर्ट, लोगों से सावधानी बरतने की अपील

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को अगले तीन घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार यह अलर्ट सुबह 10ः00 बजे से दोपहर 1ः00 बजे तक प्रभावी रहेगा।मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्रतार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार मुक्तेश्वर, जागेश्वर धाम, लोहाघाट, भीमताल, गंगोलीहाट, बेरीनाग और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है।इन इलाकों में अचानक मौसम खराब होने, दृश्यता कम होने और सड़क यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े न होने की सलाह दी गई है।पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *