ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मी की तबीयत बिगड़ने से मौत
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद रहा। पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में नियुक्त मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का कर्तव्य पालन के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। बताया गया कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद के निधन की सूचना मिलते ही पूरे उत्तराखंड पुलिस विभाग तथा नैनीताल जनपद पुलिस में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और समर्पित पुलिसकर्मी बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। करीब 35 वर्षों के अपने गौरवशाली सेवाकाल में टेक चंद ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पुलिस विभाग की सेवा की। उनके निधन को पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। रविवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को पुष्पचक्र अर्पित कर श्र(ांजलि दी। इस दौरान अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस विभाग दिवंगत के परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां पुलिस नियमों के तहत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
