पहाड़ी से मंत्री की गाड़ी पर गिरा बोल्डर,बाल बाल बचे
कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार- दुगडडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती रात एक बेहद डरावना और बड़ा हादसा सामने आया है। अपने विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर वापस लौट रहे प्रदेश के लोक निर्माण विभाग ;पीडब्ल्यूडी मंत्री सतपाल महाराज और उनकी पत्नी व पूर्व मंत्री अमृता रावत इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। दुगडडा से कोटद्वार की ओर आते समय अचानक पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर ;चट्टान का टुकड़ा लुढ़क कर उनके वाहन के बोनट पर आ गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री की गाड़ी के आगे का शीशा विंडस्क्रीन चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई, जिससे एक बड़ा अनर्थ होने से टल गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और उनकी पत्नी अमृता रावत सतपुली में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद अपने काफिले के साथ वापस देहरादून लौट रहे थे। तभी कोटद्वार और दुगडडा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक पहाड़ी से एक भारी-भरकम बोल्डर सीधे उनकी चलती कार के बोनट पर आ गिरा। बोल्डर गिरते ही कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शीशा टूट गया। अचानक हुए इस हादसे के बावजूद चालक ने अपना आपा नहीं खोया और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल ब्रेक लगाकर गाड़ी पर नियंत्रण पाया। वाहन के रुकते ही सुरक्षाकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए महाराज और उनकी पत्नी अमृता रावत को सुरक्षित नीचे उतारा और काफिले में मौजूद दूसरे वाहन से उन्हें देहरादून के लिए रवाना किया।
