रीठा साहिब जोड़ मेले का श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ
देश विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने टेका मत्था, प्रशासन ने सुविधाओं के किए पुख्ता इंतजाम
चम्पावत (उद संवाददाता)। जनपद चम्पावत की पावन लधिया और रतिया नदी के संगम पर स्थित विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थ गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में तीन दिवसीय वार्षिक जोड़ मेले का शुक्रवार को श्रद्धा, सेवा और भक्ति भाव के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया। मेले के पहले ही दिन देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और गुरु महाराज के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। जोड़ मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार मुख्य विकास अधिकारी डॉ- जीएस खाती, उपजिलाधिकारी पाटी नितेश डागर, कार सेवा प्रमुख बाबा बच्चन सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह और गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं कार सेवा के संतों द्वारा अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों को सिरोपाव और कृपाण भेंट कर सम्मानित किया गया। मेले के पहले दिन करीब 1500 श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब पहुंचकर दर्शन किए। पूरे क्षेत्र में शबद कीर्तन और गुरु वाणी की मधुर ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु घर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हुए सेवा भाव से लंगर छका। मुख्य विकास अधिकारी डॉ- जीएस खाती ने मेले की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। अस्थायी पार्किंग स्थल, स्नान के लिए नदी तट पर कच्चे पुल का निर्माण,विश्राम स्थल और लंगर व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं तथा स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ सफाई के लिए अतिरिक्त पर्यावरण मित्रें की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं तथा पर्वतीय मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कार सेवा प्रमुख बाबा सुरेंद्र सिंह ने श्रद्धालुओं से पर्वतीय मार्गों पर संयम और सावधानी के साथ यात्र करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज की कृपा और जिला प्रशासन के सहयोग से मेले की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने रीठा साहिब की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही ऐतिहासिक स्थान है जहां जगत गुरु गुरु नानक देव ने योगियों के साथ सत्संग किया था और कड़वे रीठे में मिठास भरकर पूरी मानवता को प्रेम, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया था। गुरुद्वारा प्रबंधक बाबा श्याम सिंह ने बताया कि सुबह से गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का शुभारंभ विधिवत रूप से किया गया है। शबद कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक वातावरण में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति आपसी समन्वय के साथ मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में जुटे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, अजीत पाल सिंह, दलजीत सिंह, हीरा सिंह, निर्मल सिंह, अजीत सिंह, स्थानीय ग्राम प्रधान, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
