भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर ,कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी
पहले दिन कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ बैठक, कल सीएम सहित सांसदों और विधायकों के साथ बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों के साथ होगा संवाद
देहरादून। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार शाम को तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा जा रहा है। भाजपा ने उनके स्वागत और कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक 25 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां युवा और महिला कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन करेंगे। नितिन नवीन शाम 4ः35 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय जाएंगे, जहां शाम 6ः15 बजे कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों में संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर चर्चा होगी। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी.सी. खंडूड़ी के आवास जाकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और शोक संतप्त परिवार से मिलेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित एक होटल में बैठकों का सिलसिला शुरू होगा। यहां सांसदों और विधायकों के साथ बैठक के बाद प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। शाम को वे महापौरों, नगर निकाय प्रतिनिधियों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ संवाद करेंगे। मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी और प्रवक्ताओं की अलग बैठक भी प्रस्तावित है। दिन के अंत में नितिन नवीन परमार्थ निकेतन पहुंचकर गंगा आरती में शामिल होंगे और संतों से संवाद करेंगे। शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शिवालिक इंजीनियरिंग काजेल में आयोजित कॉन्क्लेव में भाग लेंगे। दोपहर में मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 4ः35 बजे देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे। भाजपा संगठन इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। बुधवार को देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्टð सहित संगठन महामंत्री अजेय कुमार, सांसद अनिल बलूनी एवं वरिष्ठ नेता त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ बैठक की। सीएम ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ;भाजपाद्ध के आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शासकीय आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में माननीय प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट , लोकसभा सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत , राज्यसभा सांसद श्री अनिल बलूनी तथा भाजपा के महामंत्री ;संगठनद्ध श्री अजेय कुमार उपस्थित रहे।
