संत प्रेमानंद महाराज की तबियत बिगड़ी
मथुरा (उद संवाददाता)। वृंदावन के सुप्रसिद्ध और लोकप्रिय आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के अचानक अस्वस्थ होने के कारण उनकी एकांत वार्ता और दैनिक पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। पिछले दो दिनों से महाराज भक्तों से वार्ता और दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। उनके आश्रम श्री राधा हित केली कुंज की ओर से आधिकारिक सूचना जारी करके बताया गया कि महाराज का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण फिलहाल एकांत वार्ता और पदयात्रा बंद की जा रही है। इस सूचना के बाद देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई है। उल्लेखनीय है कि वृंदावन के परिक्रमा मार्ग से संत प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन तड़के तीन बजे अपनी पदयात्रा प्रारंभ करते थे, जहां सड़कों के दोनों ओर खड़े हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन प्राप्त करते थे। आश्रम की ओर से जारी विशेष अपील में कहा गया है कि भक्तगण महाराज के दर्शन के लिए फिलहाल सड़कों पर और आश्रम के बाहर एकत्र न हों। महाराज का स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक होने के बाद श्रद्धालु पुनः उनके दर्शन प्राप्त कर सकेंगे और एकांत वार्ता का सिलसिला भी दोबारा शुरू किया जाएगा। बता दें आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज पिछले लगभग बीस वर्षों से किडनी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब होने के कारण डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनके आवास पर ही सप्ताह में दो बार डायलिसिस किया जाता है, जिसमें प्रत्येक बार पांच से छह घंटे का समय लगता है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। संत प्रेमानंद महाराज सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय हैं और उनके दर्शन के लिए आम जनता के साथ-साथ देश की प्रमुख हस्तियां भी वृंदावन पहुंचती हैं। देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सहित फिल्म और खेल जगत की नामचीन हस्तियां भी उनके आश्रम में हाजिरी लगा चुकी हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी कई बार उनके दर्शन के लिए वृंदावन आ चुके हैं। आश्रम प्रशासन ने सभी भक्तों से महाराज के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
