घर के ताले तोड़कर लाखों के जेवर व नगदी चोरी
काशीपुर। शादी समारोह में शामिल होने गये परिवार की गैरमौजूदगी में अज्ञात चोरों ने एक घर के ताले तोड़कर लाखों के जेवरात व हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को सौंपी है।कविनगर निवासी सुदीप विश्नोई पुत्र ज्ञानप्रकाश विश्नोई ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 8 मई की सुबह परिवार के साथ अपने मौसेरे भाई की शादी में सम्मिलित होने के लिए मुरादाबाद गया था। जब वह आज सुबह 6 बजे घर वापस पहुंचा तो देखा घर का ताला टूटा हुआ था तथा उसकी माता के कमरे की अलमारियां टूटी हुयी थीं। अज्ञात चोर अलमारी में रखे करीब 7 लाख के सोने व चांदी के जेवरात व 30 हजार की नकदी चोरी कर ले गये हैं। बताया कि चोर रात्रि करीब 2-50 बजे घर में घुसे थे। बताया कि चोरी की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंप दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। यहां बतादें कि करीब एक सप्ताह पूर्व साकेत नगर निवासी वीरेंद्र चौहान के घर से भी अज्ञात चोरों ने लाखों के आभूषणों व नगदी चोरी कर ली थी जिसका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। वीरेंद्र चौहान का परिवार भी अपना घर बंद कर केदारनाथ की यात्र पर गया था।
