August 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एक क्लिक में विभिन्न पेंशन योजनाओं के साढ़े सात लाख लाभार्थियों को मिली पेंशन

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बुधवार को वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। मुख्यमंत्री ने शत प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वृ(ावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को एक क्लिक के माध्यम से पेंशन जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र और जरूरतमंद लोगों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का परिणाम है कि प्रत्येक वर्ष 60 हजार से अधिक नए लोग समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन लगातार किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर पात्र लाभार्थियों के आवेदन और अन्य औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो सके। उन्होंने वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाने तथा विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समाज कल्याण के क्षेत्र में नवाचार अपनाने और बेहतर कार्यप्रणालियों को अन्य विभागों के साथ साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही बुजुर्गों और पेंशनर्स से कॉल सेंटर के माध्यम से नियमित संवाद स्थापित करने को भी कहा। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विभाग प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *