शोध उन्मुख संस्थान के रूप में विकसित होगा पंतनगर विश्वविद्यालयः कुलपति
पंतनगर । गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप ने विश्वविद्यालय के भावी दृष्टिकोण को साझा करते हुए इसे पूर्णतः शोध उन्मुख रिसर्च ओरिएंटेड संस्थान के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति ने कहा कि उनका लक्ष्य पंतनगर विश्वविद्यालय को देश के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में प्रमुखता से स्थापित करना है।कुलपति ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय में अब ऐसे शोध कार्यों पर विशेष बल दिया जाएगा जो सीधे तौर पर किसानों और उद्योगों की जरूरतों से जुड़े हों। लैंड ग्रांट पैटर्न पर आधारित इस विश्वविद्यालय में शिक्षण, शोध और प्रसार ;टीचिंग, रिसर्च एंड एक्सटेंशनद्ध के तीनों स्तंभों को समान रूप से सशक्त बनाने के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार किया जाएगा। उन्होंने नवाचार और प्रेरणा को प्राथमिकता देते हुए कहा कि लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए वे स्वयं सप्ताह में तीन दिन जनसुनवाई करेंगे और 24 घंटे के भीतर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।प्रोफेसर कश्यप ने पर्वतीय कृषि एवं उद्योगों को पुनर्जीवित करने और प्रसार तंत्र को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सूचना संप्रेषण तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। किसानों को प्रतिदिन मौसम की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ मीडिया के माध्यम से नियमित बुलेटिन और प्रगति रिपोर्ट जारी की जाएगी। विश्वविद्यालय के शोध केंद्रों में होने वाले नवीन अनुसंधानों को श्एक्सक्लूसिव स्टोरीश् के रूप में प्रकाशित किया जाएगा ताकि समाज तक इनकी उपयोगिता पहुंच सके।कुलपति ने मीडिया प्रतिनिधियों को शोध केंद्रों का भ्रमण करने और वैज्ञानिकों से सीधा संवाद करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि वीडियो आधारित समाचार सामग्री तैयार करने के लिए मीडिया पेशेवरों को विश्वविद्यालय में उचित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। कृषि विज्ञान केंद्रों और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रसार तंत्र को नई दिशा दी जाएगी। कार्यक्रम के प्रारंभ में निदेशक संचार डॉ जेपी जायसवाल ने सभी का स्वागत किया और विश्वविद्यालय की गतिविधियों को जन- जन तक पहुंचाने के लिए मीडिया का आभार जताया। इस अवसर पर सहायक निदेशक संचार डॉ अर्पिता शर्मा कांडपाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
