Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टैक्सी स्टैंड पर खड़ी कार में शव मिलने से सनसनी

लालकुआं (उद संवाददाता)। नगर के टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया, जब एक टैक्सी चालक अपनी ही गाड़ी के भीतर मृत अवस्था में पाया गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।स्थानीय लोगों के अनुसार बागेश्वर नंबर की टैक्सी यूके02टीए3059 काफी देर से स्टैंड पर खड़ी थी, लेकिन चालक की ओर से कोई गतिविधि नहीं हो रही थी। संदेह होने पर जब आसपास के लोगों ने वाहन के पास जाकर देखा, तो चालक सीट पर एक व्यक्ति बेसुध पड़ा था। सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम और 108 एंबुलेंस को बुलाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया।मृतक की शिनाख्त मदन राम (42 वर्ष) पुत्र हरीश राम, निवासी ग्राम आरे, बागेश्वर के रूप में हुई है। मदन राम वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रह रहा था उसके परिवार में दो बेटियां व एक पुत्र है। घटना के बाद बड़ी संख्या में अन्य टैक्सी चालक भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने वाहन और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा है। पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *