रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में 12 से अधिक महिलाएं घायल
हरिद्वार (उद संवादाता)। जनपद के रुड़की क्षेत्र स्थित मंगलौर में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार 12 से ज्यादा महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद ट्रॉली ने अपने आगे चल रही उपलों से भरी एक अन्य ट्रॉली को भी अपनी चपेट में ले लिया। यह दुर्घटना सुबह करीब 11 बजे मंगलौर कोतवाली से महज 50 कदम की दूरी पर हाईवे पर हुई। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, जब ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कोतवाली के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्टòा होते देख रोडवेज बस का चालक वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया। सड़क पर उपले बिखरने और वाहनों के पलटने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा की ओर जाने वाली गाड़ियां आधे घंटे तक फंसी रहीं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय राहगीर मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार, महिलाएं हरचंदपुर से मंगलौर की ओर आ रही थीं और ट्रॉली में करीब 15 महिलाएं व अन्य लोग सवार थे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ 12 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। मंगलौर पुलिस का कहना है कि वर्तमान में घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि अभी तक मामले में किसी पक्ष की ओर से ििलखत शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन तहरीर मिलते ही आरोपी बस चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
