कांग्रेस को झटका,रूद्रपुर की पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा सहित कई दिग्गजों ने छोड़ी पार्टी
प्रदेश मुख्यालय पर महेंद्र भट्ट ने दिलाई सदस्यता
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक चुनौतियों से पूर्व भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस अपने कुनबे को मजबूत करने में जुट गई हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को राजधानी देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में एक सदस्यता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रूद्रपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व रुद्रपुर नगर पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा सहित कई प्रमुख चेहरों ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपाध्यक्ष व वर्ष 2022 में रुद्रपुर से विधानसभा प्रत्याशी रहीं मीना शर्मा और घनसाली से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दर्शन लाल आर्य ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवागंतुक नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर और पुष्प गुच्छ भेंट कर विधिवत स्वागत किया। इस दौरान भाजपा मुख्यालय में सुबह से ही भारी चहल-पहल और उत्साह का माहौल देखा गया। रूद्रपुर से कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा कई समर्थकों के साथ विधायक शिव अरोरा संग राजधानी देहरादून पहुंची। देहरादून में श्रीमती शर्मा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर राजनैतिक विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा की और इसके बाद विधिवत रूप से उन्होंने सदस्यता ग्रहण कर ली। गौरतलब हो कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा के मध्य कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। श्री ठुकराल द्वारा पिछले कई माह से कांग्रेस नेताओं सें हो रही मुलाकातें व उनके द्वारा स्वयं कांग्रेस के टिकट पर रूद्रपुर से विधानसभा चुनाव लड़ने के दावे के बाद से मीना शर्मा खुद को काफी बैचेन महसूस करने लगी थी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से स्पष्ट कह दिया था कि महिलाओं का सार्वजनिक रूप से अपमान करने वाले राजकुमार ठुकराल को कांग्रेस में नहीं देखना चाहती हैं। बावजूद इसके पार्टी के नेताओं ने मीना शर्मा की दलीलों को दरकिनार कर ठुकराल को कांग्रेस में शामिल किया। इससे हतोत्साहित होकर उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों से खुद को अलग कर लिया और अपने राजनैतिक भविष्य की दिशा तय करने के लिए उन्होंने भाजपा नेताओं का सहारा लिया। आखिरकार आज कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा ने विधायक शिव अरोरा के संग देहरादून पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व पार्टी अपना जनाधार बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अन्य दलों के नेताओं का भाजपा में शामिल होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और प्रदेश सरकार के कार्यों पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। भट्ट ने कार्यकर्ताओं का आ“वान किया कि वे सरकार और संगठन की जनहितैषी योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाएं। महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दल पूरी तरह दिशाहीन हो चुका है और आगामी चुनावों में उसे फिर से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से वर्ष 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



