बाईक से टकराया गुलदार,बाल-बाल बचे दंपत्ति
भीमताल। जनपद के भीमताल क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक हैरतअंगेज घटना सामने आई। खुटानी के समीप सड़क पार कर रहा एक गुलदार अचानक चलती बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलदार बाइक की चेन और पहिये के बीच बुरी तरह फंस गया। इस दौरान बाइक सवार दंपती ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मौके से भागकर एक दुकान में शरण ली और अपनी जान बचाई। घटना के बाद मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ स्थानीय मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर गुलदार उनकी बाइक से टकरा गया। बाइक सवार संतुलन खोकर सड़क पर गिर गए, लेकिन गुलदार के बाइक में फंसने के कारण उन्हें संभलने का मौका मिल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घायल गुलदार काफी देर तक बाइक की चेन में फंसा रहा और निकलने के लिए छटपटाता रहा। सूचना मिलते ही वन क्षेत्रधिकारी विजय मेलकानी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए रानीबाग से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई गई, जिसने गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित निकाला और रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।
